करनाल के सेक्टर-6 में किराये के मकान में रहने वाले ट्रक ड्राइवर ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर के शव को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। मृतक ड्राइवर के पास से सुसाइड नोट भी पाया गया है। जिसमें उसने दो लोगों को अपनी मौत का जिम्मेवार बताया है।
रोशन लाल वासी बजीदा जट्टान ने बताया कि उसका भाई नाथी राम (46) सेक्टर छह में किराये के मकान में रहता था। जो राजेश वासी यमुनानगर व गुरनाम वासी पीपली के ट्रक पर ड्राइवर था। दोनों ट्रक मालिक एक साल से नाथी राम को वेतन नहीं दे रहे थे। इससे वह मानसिक रूप से भी परेशान रहता था। दोनों ट्रक मालिकों के व्यवहार से परेशान होकर उसने सोमवार अल सुबह किराये के मकान में खड़े नीम के पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक ड्राइवर के पास से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है।
सुसाइड नोट में लिखा है कि आरोपी राजेश वासी यमुनानगर और गुरनाम वासी पीपली दोनों ने इससे 15-15 हजार रुपये उधार लिए थे। जब वह पैसे मांगने गया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उसका एक महीने का वेतन 12 हजार है। आरोपियों ने पिछले एक साल से उसका वेतन भी नहीं दिया। इस कारण मजबूर होकर वह आत्महत्या कर रहा है। मृतक का एक लड़का व दो लड़कियां है। पुलिस जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।