करनाल। पुलिस अधीक्षक पंकज नैन की देखरेख में उपायुक्त कार्यालय के सभागार में अपराधों की समीक्षा के बारे में आपराधिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में करनाल जिला के सभी डीएसपी, थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्ज शामिल हुए। पुलिस अधीक्षक ने सभी को निर्देश दिए कि अगले एक महीने में किसी भी थाना व चौकियों में दर्ज हुई शिकायतों में एक महीने से अधिक पुरानी एक भी शिकायत पेंडिंग नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि अपराधों पर रोक लगाने के लिए पूरे जिले में कम से कम 1500 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, कैमरों की प्लेसमेंट ज्वेलर्स की दुकानों, पेट्रोल पंपो, बस स्टैंडों, रेलवे स्टेशन और शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ जिले के जो एरिया क्राइम जोन में आता है। ऐसे पूरे एरिया को सीसीटीवी कैमरा की निगरानी में रखा जाएगा। वहीं शराब के ठेकों के आसपास अवैध तरीके से लगने वाली अंडे की रेहडियों व खुर्दों को भी हटाए जाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी को सख्ती से आदेश दिए कि स्कूलों और कालेजों के आसपास आवारा घूमने वालों से पूछताछ की जाए व तेज रफ्तार और पटाखे बजाने वाली मोटरसाइकिल चालकों के चालान किए जाए। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रबंधक अपने क्षेत्र में फाइनेंस आफिस के नाम पर अपने अड्डे खोलकर बैठे कबूतरबाजों पर शिकंजा कसें और नशे के कारोबार करने वालों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार करें।