करनाल जिले के असंध बाईपास पर मंगलवार देर रात पिस्तौल के बल पर चार बदमाशों ने एक किसान से उसकी मोटरसाइकिल और 20 हजार रुपये लूट लिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद चारों लुटेरे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित किसान के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
सालवन निवासी सतपाल शर्मा तुड़ी का व्यापार करता है। सतपाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार देर रात वह अपने व्यापार के सिलसिले में सालवन से मर्दान खेड़ा जा रहा था। जब वह असंध के कैथल रोड स्थित ढोल चौक पर पहुंचा तो चार अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। मोटरसाइकिल रोकने पर उन्होंने उस पर बंदूक तान ली और उसको गोली मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद उन्होंने उससे मोटरसाइकिल व 20 हजार रुपये लूट लिए। सतपाल शर्मा ने बताया कि लूट के बाद किसी को कुछ बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। सतपाल शर्मा ने रात को ही असंध थाने में पहुंच कर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। इस मामले में थाना प्रभारी हरविंदर सिंह का कहना है कि हमने सालवन निवासी सतपाल शर्मा की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।