करनाल के कल्पना चावला मेडिकल अस्पताल में महिला सिक्योरिटी गार्ड के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। गाइनी विभाग में कार्यरत महिला सिक्योरिटी गार्ड ने एक व्यक्ति को ओपीडी के अंदर जाने से रोका तो उसने मारपीट शुरू कर दी। महिला सिक्योरिटी गार्ड ने तीमारदार पर छेड़छाड़ और मारपीट, वर्दी फाड़ने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: अगले जनम मोहे बिटिया न कीजो: बेटे की चाह में दरिंदा बना पिता, मासूम पर ढाए ऐसे जुल्म...जान ही देनी पड़ी
कल्पना चावला अस्पताल में कार्यरत महिला सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह काफी समय से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत है। उसकी ड्यूटी गाइनी-2 ओपीडी में थी। ओपीडी में एक महिला मरीज के साथ व्यक्ति भी अंदर जा रहा था। जबकि गाइनी ओपीडी में पुरुषों को जाने की अनुमति नहीं है। जब उसने व्यक्ति को ओपीडी के अंदर जाने से रोका तो महिला मरीज ने उसके साथ गाली-गलौज किया।
सिक्योरिटी गार्ड ने महिला को पकड़कर बाहर जाने के लिए बोला, जिस पर महिला के साथ आए तीमारदार भड़क गए। आरोप है कि तीमारदारों ने महिला सिक्योरिटी गार्ड के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। महिला सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी तक फाड़ दी। इसी दौरान ओपीडी के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। महिला सिक्योरिटी गार्ड ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।