करनाल के घरौंडा में चार बदमाशों द्वारा बाइक सवार पिता-पुत्री को तलवार दिखाकर जान की धमकी देकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाली नगर निवासी मनप्रीत ने घरौंडा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी घरौंडा के पुराने बस स्टैंड पर दुकान है। शनिवार शाम उनके रिश्तेदारों का फोन आया कि आज रात को घरौंडा में ही होटल में डिनर करते हैं। जिसके बाद वह रात करीब नौ बजे दुकान बंद करके अपनी बेटी सहजप्रीत कौर को लेकर बाइक पर डिनर के लिए तिरंगा ढ़ाबा की तरफ जा रहे थे।
मुल्तान गढ़ी अंडरपास से थोड़ा आगे एक बाइक पर चार बदमाश आए और उन्होंने उनकी बाइक के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। दो लड़कों ने तलवार निकाली और धमकी दी कि तुम्हारे पास जो भी है, जल्द निकाल कर दे दो, नहीं तो वे उसकी बेटी को जान से मार देंगे। जिसे बाद वह घबरा गया। इतने में दो बदमाशों ने उसकी जेब से 17 हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस रास्तों में लगे सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों को पहचान करने में जुटी हुई है।
- राजकुमार, एएसआई एवं जांच अधिकारी, थाना घरौंडा।
दहेज के लिए तंग करते थे ससुराल वाले, विवाहिता ने जान दी
इंद्री के गांव चुरनी में शनिवार देर रात एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से करीब दो घंटे पहले विवाहिता ने फोन पर रोते हुए अपनी मां से बात की थी। जिसके बाद ही आत्महत्या करने की सूचना परिजनों को दी गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक श्वेता के परिजनों का कहना है कि शनिवार की रात करीब आठ बजे उनकी बेटी ने उनसे फोन पर बात की, जिस पर वह रोते हुए अपनी आपबीती सुना रही थी। बेटी अपने ससुराल पक्ष पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप लगा रही थी। इसके दो घंटे बाद ही श्वेता द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना उन्हें दी गई। जिसके बाद वे गांव चुरनी में पहुंचे। रात को ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भिजवा दिया था। जहां रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया
सोनीपत निवासी श्वेता की शादी करीब तीन साल दो माह पहले इंद्री खंड के गांव चुरनी के विक्रम के साथ हुई थी। विक्रम कंबाइन चलाने का काम करता है। श्वेता की दो छोटी बच्चियां भी हैं।
दहेज के लिए करते थे मारपीट
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के छह महीने बाद ही श्वेता के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट करनी शुरू कर दी थी। कभी 10 हजार की डिमांड की जाती थी तो कभी 20 हजार की। बार बार पैसे देकर वे परेशान हो चुके थे लेकिन श्वेता के साथ उत्पीड़न कम होने का नाम नहीं ले रहा था। ससुराल वालों की मारपीट से तंग आकर ही श्वेता ने ऐसा कदम उठाया है।
विवाहिता श्वेता के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। - विनोद कुमार, थाना प्रभारी, इंद्री।