31 अगस्त को इंद्री के मंदिर में शादी की थी। युवती के परिजनों पर दोनों को मारपीट कर उठा ले जाने का आरोप है। युवती पंचकूला तो युवक अंबाला का रहने वाला है।
पंचकूला की युवती और अंबाला के युवक ने इंद्री स्थित एक मंदिर में प्रेम विवाह किया था मगर तीन दिन से दोनों लापता हैं। युवक के परिजनों ने युवती के परिजनों पर दोनों को पीटने और उठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार अंबाला के रायवाली निवासी युवक का करीब पांच साल से पंचकूला के नया गांव निवासी युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे मगर युवती के परिजन इसके खिलाफ थे। इसके बाद दोनों ने घर से भागकर इंद्री के एक मंदिर में 31 अगस्त को शादी कर ली थी।
युवक के परिजनों ने बताया कि शादी के बाद दोनों इंद्री के वार्ड नंबर-12 में अपनी मौसी के पास रहने लगे। उसी दिन युवती के परिजनों को शादी करने की जानकारी मिली तो वह इंद्री पहुंच गए। आरोप है कि युवती के परिजनों ने दोनों को बेरहमी से पीटा और फिर दोनों को उठाकर ले गए। युवक के परिजनों ने अपहरण का केस दर्ज कराया है।
विज्ञापन
युवक-युवती ने करनाल के मंदिर में आकर शादी की थी। युवती के परिजनों पर युवक को उठाने का आरोप है। इस मामले में केस दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है। जल्द दोनों को बरामद कर खुलासा किया जाएगा। -एसएचओ, थाना इंद्री