हरियाणा के करनाल जिले के कुंजपुरा क्षेत्र के गांव नेवल के समीप खेतों में सोमवार रात शराब पीते समय तीन दोस्तों के बीच झगड़ा हो गया जिसमें दो दोस्तों ने पेंटर दोस्त की गला दबाकर हत्या कर दी। सुबह राहगीरों ने खेतों में शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। एएसपी हिमांद्री कौशिक व कुंजपुरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। आरोपी विजय को घर से बुलाकर ले गए थे। एक आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक की शिनाख्त दलियानपुर निवासी विजय के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर दो दोस्त बुढा खेड़ा निवासी रविंद्र उर्फ काकी व नीरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार गांव दलियानपुर निवासी 24 वर्षीय युवक विजय कुमार और उसके दो साथी रविंद्र व नीरज उसे सोमवार दोपहर घर से बुलाकर ले गए थे।
उसके बाद विजय घर नहीं आया। पुलिस के अनुसर ये तीनों सोमवार देर रात नेवल गांव के खेतों में एक ट्यूबवेल पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनमें किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिस पर विजय कुमार के दोस्तों ने उसकी ईंट मारकर व गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के उपरांत दोनों आरोपी शव को छोड़कर घर चले गए। मंगलवार सुबह एक व्यक्ति खेतों में घूमने पहुंचा तो उसने ट्यूबवेल के पास शव देखा। जिसकी पुलिस को सूचना दी।
दोनों बहनों का था इकलौता भाई था
परिजनों ने बताया कि विजय दो बहनों का इकलौता भाई था। वह अपने पिता के साथ ही पेंट का काम करता था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक युवक की करीब ढाई साल पूर्व शादी हुई थी। उसकी एक वर्ष की बेटी है।
मोबाइल व बाइक ले गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी रविंद्र ने पूछताछ में बताया कि शराब पीने के बाद उसकी विजय से कहासुनी हो गई थी तो उसने विजय की ईंट मारकर व गला दबाकर हत्या कर दी। वह विजय का मोबाइल व बाइक लेकर फरार हो गया था।
मृतक युवक विजय कुमार के पिता राजकुमार की शिकायत पर गांव बुड्ढा खेड़ा निवासी रविंद्र व गांव दलियान पुर निवासी नीरज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। - हिमाद्री कौशिक, इंद्री एएसपी