करनाल जिले के असंध स्थित दुकान से करीब 50 लाख रुपये के सामान की चोरी मामले मेें पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं प्रजापत धर्मशाला के प्रधान सहित तीन लोग अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस ने गिरफ्तार किए पांचों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पांचों को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सोमवार की रात जींद रोड स्थित प्रजापत धर्मशाला मार्केट में एक हार्डवेयर की दुकान में चोरी हो गई थी। दुकान संचालक संजय ने दुकान में चोरी का आरोप धर्मशाला के प्रधान सहित मैनेजमेंट के अन्य आठ सदस्यों पर लगाया है। संजय ने शिकायत में बताया कि धर्मशाला मैनेजमेंट कमेटी ने उससे दुकान खाली करवाने के लिए चोरी करवाई है। इस वारदात में उसकी दुकान से करीब 50 लाख रुपये का हार्डवेयर का सामान चोरी हुआ है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बधुवार को आठ में से पांच लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान दुकान का सारा सामान बरामद कर लिया है। इस मामले में थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आठ में से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी छापेमारी की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वीरवार को पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।