हरियाणा में सीईटी को क्वालीफायर एग्जाम बनाने की मांग को लेकर यूथ कांग्रेस ने करनाल में मुख्यमंत्री के आवास की ओर कूच किया है। कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) पास करने वाले सभी 3.57 लाख परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में मौका देने की मांग करते हुए शुक्रवार को यूथ कांग्रेस और सीईटी परीक्षार्थियों ने विरोध दर्ज कराया।
इसके बाद अपनी मांग को मनवाने के लिए प्रेम नगर स्थित मुख्यमंत्री आवाज को घेरने के लिए सैकड़ों की संख्या में यूथ कांग्रेसी और परीक्षार्थियों ने कूच कर दिया, लेकिन पुलिस ने चार किलाेमीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। जिसके बाद सभी सड़क पर बैठ गए और मांग पूरी नहीं होने तक न उठने की चेतावनी दी।
एनडीआरआई चौक पर दोपहर दो बजे से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रदेशभर से सीईटी पास करने वाले परीक्षार्थी पहुंचने लगे। शाम करीब पांच बजे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा पहुंचे। उनके साथ यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा की अगुवाई में सभी ने प्रेम नगर स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
शाम 5:40 बजे दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व विधायक सुनीता, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह, पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा, परिमल खत्री और परीक्षार्थी एसडी मॉडर्न स्कूल के सामने पहुंचे। जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। पुलिस ने सभी को यहीं रोक लिया। वाटर कैनन और आंसू गैस की मशीन भी तैनात की गई।
यहां कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दीपेंद्र हुड्डा यहां पर अपने संबोधन के बाद लौट गए। इसके बाद परीक्षार्थी और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठक गए। उन्होंने वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि जब तक मुद्दे का हल नहीं होगा, यहीं बैठे रहेंगे।
सिर्फ सीईटी ही ऐसी क्वालिफाइंग परीक्षा, जिसमें मुख्य परीक्षा का मौका नहीं मिल रहा: बुद्धिराजा
युवा कांग्रेसियों के साथ सड़क पर बैठे एसडीएम अनुभव मेहता के साथ वार्ता में युवा प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बद्धिराजा ने कहा कि मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री किसी से भी बात करें, उनकी सिर्फ एक ही मांग है कि सीईटी पास करने वाले सभी परीक्षार्थियों को मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाए। उन्होंने कहा कि सीईटी के नोटिफिकेशन में सरकार के पास संशोधन करने की शक्ति का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक सीईटी है, जिसमें क्वालिफाइंग परीक्षा होने बाद मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि ग्रुप सी के 35 हजार पदों का चार गुना परीक्षार्थियों को ही मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जा रहा है। जो गलत है। सीईटी 3.57 लाख परीक्षार्थियों ने पास की है, सभी को मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलना चाहिए।
सरकार का जाना तय है, जाते जाते युवाओं का कुछ भला कर जाएं: दीपेंद्र हुड्डा
यह सरकार जा रही है, यह तय है। जाते जाते हरियाणा के नौजवान का कुछ भला कर जाए सरकार। हरियाणा में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। सरकार ने सीईटी की परीक्षा तो करा ली है, लेकिन उसे क्वालिफाइंग का रूप नहीं दिया। भर्तियां घोटालों की भेंट चढ़ गई। नौ वर्ष की सरकार में कोई निवेश नहीं हुआ। कोई कंपनी नहीं आई। आज ऐसी स्थिति बन गई हैं, इतनी बेरोजगारी है कि हरियाणा का नौजवान नशे और अपराध की ओर जा रहा है। मैं अमेरिका गया था, जहां पता चला कि बीते एक वर्ष में हरियाणा से 15 हजार युवा अमेरिका रोजगार के लिए पहुंचे हैं। हरियाणा में रोजगार न मिलने से वह कितने से निराश और हताश है।
ग्रुप सी के 32 हजार पदों के स्क्रीनिंग टेस्ट को लेकर रार, आयोग 4 गुना अभ्यर्थियों को बुलाने पर अड़ा
हरियाणा में ग्रुप सी के 32 हजार पदों की भर्ती को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए मात्र 4 गुणा अभ्यर्थियों को ही बुलाने की तैयारी में है। सीईटी पास 3.57 लाख अभ्यर्थियों में से केवल मेरिट वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जा रही है। इसका अभ्यर्थियों द्वारा विरोध किया जा रहा है।
आयोग उन्हीं अभ्यर्थियों को संबंधित श्रेणी में स्क्रीनिंग परीक्षा का मौका देगा, जो मेरिट में हैं। शेष अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। हरियाणा यूथ कांग्रेस ने इसके विरोध में 16 जून को करनाल में मुख्यमंत्री का आवास घेरने का आह्वान किया था। उनकी मांग है कि सभी सीईटी पास को स्क्रीनिंग टेस्ट में मौका दिया जाए।
गौर हो कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 13 श्रेणियों के लिए परीक्षाओं का शेड्यूल जारी किया है। अब आयोग ने इन श्रेणियों के पदों के मुकाबले 4 गुणा अभ्यर्थियों की सूची तैयार में लगा है। इस सूची में शामिल अभ्यर्थी ही स्क्रीनिंग टेस्ट दे सकेंगे। बाकी बाहर हो जाएंगे।
ग्रुप की भर्तियों को लेकर श्रेणीवार 4 गुणा अभ्यर्थियों को ही मौका दिया जाएगा। इसके लिए आयोग की टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही इसको लेकर नोटिस जारी कर दिया जाएगा। जून से जुलाई तक सभी स्क्रीनिंग परीक्षाओं को पूरा कर लिया जाएगा। -भोपाल सिंह खदरी, चेयरमैन, एचएसएससी