करनाल। कोर्ट से भगौड़ा घोषित किए गए आरोपियों जिला पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस ने जिले के 19 भगौड़ों की करोड़ों रुपये की संपत्ति को जब्त कर दिया है। इसमें भगौड़ा घोषित किए गए इन आरोपियों के मकान, जमीन, प्लॉट, दुकान आदि शामिल हैं।
एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि जिला पुलिस करनाल के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न आपराधिक मामलों में उद्घोषित आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत जिला पुलिस करनाल के विभिन्न थानों में वर्ष 2002 से वर्ष 2019 के दौरान विभिन्न आपराधिक धाराओं में दर्ज 19 मामलों में कोर्ट से भगौड़ा घोषित किए गए 19 आरोपियों की कोर्ट के आदेशानुसार करोड़ों रुपयों की संपत्ति जब्त की गई है। इस संपत्ति में आरोपियों की अचल संपत्ति है। इसमें आरोपियों के मकान, फैक्टरी, प्लॉट व खेत शामिल हैं। इतना ही नहीं दो उद्घोषित व्यक्तियों की संपत्ति अटैच की गई थी जिसके बाद उन्होंने समर्पण कर दिया था। जिला पुलिस अन्य ऐसे आरोपी जो कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए फरार चल रहे हैं। उनके के खिलाफ भी इस प्रकार की कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
इन आरोपियों की संपत्ति हुई जब्त
- मॉडल टाउन निवासी आरोपी अजीत की फैक्टरी को जब्त किया गया है। सिविल लाइन थाना में केस दर्ज।
- तरावड़ी निवासी साहब सिंह उर्फ साहबा की 315 स्क्वायर यार्ड जमीन को जब्त किया गया है। तरावड़ी थाना में मामला दर्ज
- कैथल के गांव सांच निवासी नरेंद्र की तीन कनाल दो मरले जमीन को जब्त किया गया है। पुलिस चौकी बस अड्डा करनाल में केस दर्ज।
- न्यू रमेश नगर करनाल निवासी सुरेश की 100 स्क्वायर यार्ड का मकान जब्त किया गया है। इंद्री थाना मेंकेस दर्ज।
- रसूलपुर कला निवासी काला के मकान को जब्त किया गया है। कुंजपुरा थाना में मामला दर्ज ।
- गांव धानोखेड़ी निवासी आरोपी पवन की 15 कनाल 18 मरले जमीन जब्त की गई है। इंद्री थाना में मामला दर्ज ।
- आरोपी कारसा डोड निवासी प्रवीन की 16 कनाल 18 मरले जमीन जब्त की गई है। थाना बुटाना में मामला दर्ज ।
- गांव गोंदर निवासी आरोपी अंकित की चार कनाल जमीन को जब्त किया गया। निसिंग थाना में हत्या का मामला दर्ज।
- गांव प्योंत निवासी आरोपी विरेंद्र उर्फ बिल्ला की 16 कनाल जमीन को जब्त किया गया। केस दर्ज।
- गांव रंबा निवासी आरोपी सुच्चा सिंह की 15 कनाल जमीन को जब्त किया गया। सदर थाना में मामला दर्ज।
- गांव पक्का खेड़ा निवासी आरोपी सुखचेन निवासी की चार कनाल पांच मरले जमीन को जब्त किया गया। असंध थाना में मामला दर्ज।
- यूपी के गांव कानपुर कला निवासी सावन का घर जब्त किया गया। थाना घरौंडा में केस दर्ज।
- यूपी के गांव अहमदगढ़ निवासी आरोपी राजू का घर जब्त किया गया। घरौंडा थाना में केस दर्ज।
- यूपी के गांव कानपुर कला निवासी धर्मेंदर की 120 स्कवेयर यार्ड का मकान जब्त किया गया। सिविल लाइन थाना में केस दर्ज।
- शिव कॉलोनी करनाल निवासी रविंद्र उर्फ राजू की 100 स्कवेयर याड का मकान जब्त किया गया। शहर थाना में केस दर्ज।
- शिव कॉलोनी निवासी आरोपी दर्शन लाल की 125 स्कवेयर याड का मकान जब्त किया गया। शहर थाना में रिपोर्ट दर्ज।
- गांव बाहरी निवासी आरोपी रोहताश की सात कनाल जमीन जब्त की गई। असंध थाना में मामला दर्ज।
- कैथल के गांव साकरा निवासी आरोपी मुलतान सिंह की छह एकड़ एक कनाल 12 मरले जमीन को जब्त किया गया। केस दर्ज।
- गांव कुचपुरा निवासी आरोपी फतेह सिंह की सात मरले जमीन को जब्त किया गया। निसिंग थाना में केस दर्ज।