संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। असंध-जींद मार्ग पर रविवार रात सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से सीआईडी पुलिस की गाड़ी टकरा गई। गाड़ी में सवार तीन कर्मी घायल हो गए। एक सीआईडी कर्मचारी की गंभीर हालत को देखते हुए करनाल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार विभाग के एडीजीपी आलोक मित्तल को गांव पोपड़ा शादी समारोह में शामिल होने के लिए आना था, इसलिए करनाल से सीआईडी इंचार्ज निरीक्षक बलि सिंह, असंध से एसआई कुलविंद्र सिंह राणा गाड़ी में सवार होकर उसी गांव में जा रहे थे। एएसआई सूरजभान मलिक गाड़ी चला रहे थे।
रात साढ़े 12 बजे पता चला कि एडीजीपी व्यस्तता के चलते नहीं आ पा रहे हैं तो ये कर्मी वापस लौटने लगे। इसी बीच सड़क पर अंधेरे में खड़ी खराब हुई एक ट्राली से उनकी गाड़ी टकरा गई। इस हादसे में दो कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि एक कर्मी को मामूली चोट आई। आधे घंटे की मशक्कत के बाद एएसआई कुलविंदर राणा को गाड़ी की सीट उखाड़कर बाहर निकाला गया। घायलों को असंध के अस्पताल में ले जाया गया। गंभीर हालत में कुलविंद्र को करनाल रेफर किया गया जबकि अन्य दोनों को उपचार के बाद घर भेज दिया। असंध पुलिस मामले की जांच में लगी है। एसएचओ बलजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।