संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने अलीपुर खालसा गांव के पास फैक्टरी और कोहंड क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे ब्लीच प्लांट में छापा मारकर रंगीन पानी से भरे कैंटर को जब्त किया। यह कार्रवाई दोनों फैक्टरियों पर प्रदूषण फैलाने के शक में की गई है। आरोप है कि ब्लीच प्लांट में केमिकलयुक्त पानी गड्ढों के जरिए जमीन के अंदर पहुंचाया जा रहा था। प्रदूषण विभाग की टीम ने केमिकलयुक्त पानी के नमूने भरे। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यहां गड़बड़ी है या नहीं।
शुक्रवार अल सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता अलीपुर खालसा गांव के पास स्थित बैग पॉली टैक्सटाइल फैक्टरी में पहुंचा। जहां उड़नदस्ते में शामिल अधिकारियों ने प्रदूषण मानकों की बारीकी से जांच की तो फैक्टरी में पानी साफ करने के लिए लगाया गया ईटीपी प्लांट चालू नहीं मिला। उड़नदस्ते ने रंगीन पानी से भरे एक टैंकर को भी जब्त किया। जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि किसी अधिकारी ने मौके पर कुछ कहने से इनका किया। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यहां नियमों की अनदेखी हो रही थी या नहीं।
सील करने के बाद दोबारा किया प्लांट शुरू
सीएम उड़नदस्ते ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के साथ कोहंड पोल्ट्री एरिया के बीच बने ब्लीचिंग प्लांट पर भी छापा मारा। आरोप है कि ब्लीचिंग प्लांट में जल प्रदूषित किया जा रहा है। छापे के दौरान ब्लीचिंग प्लांट में दो ट्यूबवेल लगे हुए मिले, जिनसे प्लांट में पानी की आपूर्ति की जाती थी। केमिकल प्रोसेस के बाद गड्डों में छोड़ा जाता है। यह प्लांट कई माह पूर्व भी प्रशासन के संदेह के घेरे में आया था। प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने इस प्लांट को सील किया था।
सीएम उड़नदस्ते के निर्देशों पर प्रदूषण विभाग व बिजली निगम ने जांच शुरू कर दी है। प्रदूषण नियंत्रण का जिम्मा संभालने वाले अधिकारी इस बारे में कुछ बोलने से बचते रहे। यहां पर जनरेेटर को भी सील किया गया। मामले की जांच के लिए प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रदूषण विभाग के एसडीओ हार्दिक कुमार के नेतृत्व में टीम ने फैक्टरी से केमिकलयुक्त पानी के चार सैंपल व ग्राउंड वाटर के दो सैंपल लिए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। हालांकि अभी एसडीओ ने कुछ भी कहने से इनकार किया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता प्लांट पर पहुंचा था, एक जनरेटर को सील किया है। अनुमति देने के लिए मैंने फाइल विभागीय कार्यालय में जमा कराई है लेकिन अभी अनुमति नहीं मिल पाई है, लेकिन प्लांट में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है।
मदन, संचालक ब्लीच प्लांट कोहंड