संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुलिस अकादमी मधुबन में हरियाणा सशस्त्र पुलिस एवं राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मियों के लिए
लोवर स्कूल कोर्स बी-1 2019 की प्रतियोगी परीक्षा में दूसरे की जगह परीक्षा देने का मामला सामने आया है। हरियाणा सशस्त्र पुलिस पंचम वाहिनी मधुबन के आदेशक की ओर से पुलिस अधीक्षक को शिकायत के बाद दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची शिकायत के अनुसार हरियाणा सशस्त्र पुलिस एवं राजकीय रेलवे पुलिस के कर्मचारियों के लिए पुलिस अकादमी में 17 से 19 जुलाई तक लोवर स्कूल कोर्स बी-1 2019 की प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसके लिए 175 उम्मीद्वारों ने पंजीकरण कराया था।
17 जुलाई को आनलाइन कंप्यूटर लैब मे 4 शिफ्ट में आयोजित इस परीक्षा में केवल 48 उम्मीदवार ही पास हुए। अकादमी की कंप्यूटर शाखा इंचार्ज एएसआई कुसुम लता ने रिपोर्ट दी थी कि जब वह रिकार्ड के लिए परीक्षा की डीवीडी तैयार कर रही थी तो चतुर्थ शिफ्ट में उन्हें कुछ उम्मीद्वारों की गतिविधियां संदिग्ध लगी। ऐसे में कुछ के किसी और के स्थान पर परीक्षा देने की आशंका हुई। संदेह के आधार पर बारीकी से जांच की तो पता चला कि जीआरपी सिपाही बिट्टू ने पीटीसी सुनारिया के मुख्य सिपाही एवं कैशियर योगेंद्र को अपनी जगह परीक्षा देने के लिए भेजा था। जांच रिपोर्ट के बाद अब पुलिस ने दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।