करनाल। घरौंडा के एक युवक के साथ शादी करने के चार दिन बाद दुल्हन घर से 25 हजार रुपये व चार तोला सोना लेकर रफूचक्कर हो गई। इससे पहले दुल्हन की साथी महिला ने भी मूकबधिर युवक के परिजनों से 65 हजार रुपये ठग लिए थे। आरोपी महिला को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घरौंडा के रामनगर अराईपुरा रोड निवासी सुरजन ने घरौंडा थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले उसने अपने मूकबधिर बेटे संदीप की शादी की बात चलाई तो पावरहाउस कालोनी निवासी मीना ने उसे बरसत निवासी बलवंत कौर से मिलवाया। बलवंत कौर ने उसके बेटे की शादी कराने की बात कही, अगले दिन 65 हजार रुपये यह कहकर लिए कि लड़की वाले गरीब है, उन्हें कपड़े बनवाने हैं व खाने का इंतजाम करना है। 26 जून को दिल्ली निावसी रिंकी से संदीप की शादी कराई। शादी के चार दिन बाद रिंकी ने अपने मायके जाने की बात कही तो बलवंत कौर ही उसे परिजनों से मिलवाने के लिए ले गई। उसके जाने के बाद घर में देखा को 25 हजार रुपये व चार तोला सोना भी रिंकी अपने साथ ले गई। सुरजन ने उसके बाद बलवंत को कई बार फोन किया लेकिन उसने नहीं सुना। बाद में मीना के माध्यम से बलवंत कौर को उसने एक लाख रुपये देने के बहाने बुलाया और डायल 112 के जरिये पुलिस को बुलाकर बलवंत को पकड़वा दिया। बाद में मीना ने बताया कि वह दिल्ली की एक लड़की के साथ मिलकर शादी कराकर मॉल साफ करने का ही काम करती है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।