अराईपुरा रोड पर जगदंबा राइस मिल के नजदीक बुधवार रात पिकअप गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार सदरपुर गांव निवासी विक्रम की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सदरपुर निवासी ऋषिपाल घरौंडा से बाइक पर अपने गांव जा रहा था। उसके साथ इसी गांव का विक्रम सिंह भी बैठा हुआ था। जैसे ही वे राइस मिल के समीप पहुंचे तो उनकी टक्कर पिकअप से हो गई। इस हादसे में बाइक के पीछे बैठा विक्रम पिकअप की चपेट में आ गया और गाड़ी युवक को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। जबकि बाइक चला रहा ऋषिपाल चोटिल हो गया। हादसे के बाद पिकअप गाड़ी चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार का कहना है कि ऋषिपाल के बयान पर पिकअप चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
---