माई सिटी रिपोर्टर
घरौंडा। नई अनाज मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग आढ़तियों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। सरकारी एजेंसी ने मंगलवार को गेहूं की लोडिंग बंद कर दी। जिसके विरोध में आढ़तियों ने कम्युनिटी हॉल में मंडी प्रधान विनोद जैन की अध्यक्षता में आपात बैठक बुलाई। जिसमें चेतावनी दी गई कि बुधवार को सुबह 11 बजे तक समस्या का हल नहीं हुआ तो मंडी में कामकाज बंद कर देंगे।
गेहूं का सीजन शुरू होते हैं मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग को लेकर समस्या चल रही है, हालांकि विधायक हरविंदर कल्याण का प्रयास रहा कि मंडी में किसानों व आढ़तियों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े, इसलिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी जारी किए हुए हैं। करीब एक सप्ताह पहले विधायक के समक्ष गेहूं लिफ्टिंग की समस्या आढ़तियों ने रखी थी। समस्या का हल भी निकल गया था, लेकिन कई दिन के बाद मंगलवार को सरकारी एजेंसी से गेहूं की लोडिंग बंद कर दी। जिससे आढ़तियों में गुस्सा आ गया और मंडी प्रधान विनोद जैन ने मंडी के सभी आढ़तियों की एक बैठक बुलाई। मंडी प्रधान सहित लाला सोहन लाल, राजेंद्र जैन, पूर्व प्रधान सुशील गर्ग सहित अन्य आढतियों ने अपने विचार रखे। इसी दौरान सुरेंद्र जैन ने बताया कि उनकी एसडीएम अभय सिंह से बातचीत हो गई है और बुधवार को स्वयं एसडीएम, डीएफएससी व सभी एजेंसियों के अधिकारी मंडी में पहुंचेंगे और समस्याओं का हल करने पर विचार किया जाएगा। जिसके बाद सभी आढ़तियों से फैसला लिया की बुधवार को 11 बजे तक अगर गेहूं की लिफ्टिंग का हल नहीं निकला तो आगामी रणनीति तैयार कर कामकाज बंद कर देंगे।