स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कर्ण विहार में बिना डिग्री के उपचार करने वाले कथित चिकित्सक के घर पर छापा मारा। साथ ही आरोपी चिकित्सक को हिरासत में लिया। सेक्टर-32,33 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं एक मेडिकल स्टोर पर छापामारी में भी खामियां पाई गईं। इस संबंध में मेडिकल स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
पूछताछ में कथित चिकित्सक ने पिता के नाम से जारी बंगाल की डिग्री दिखाई, वाे भी हरियाणा में मान्य नहीं
डिप्टी सीएमओ डॉ. सीनू चौधरी ने बताया कि सीएमओ को सूचना मिली थी कि कर्ण विहार में बिना डिग्री के क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। इसके बाद सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा की ओर से टीम का गठन किया गया था। टीम में एसएमओ कुंजपुरा डॉ. संदीप, ड्रग कंट्रोल आफिसर रितू मैहला शामिल थीं। छापामारी के दौरान पूछताछ में कथित चिकित्सक ने पिता के नाम से जारी बंगाल की डिग्री दिखाई, जो हरियाणा में मान्य नहीं है।
मेडिकल स्टाेर पर दवाओं की खरीद-बिक्री में मिली गड़बड़ी, 41 प्रकार की दवाइयां और कुछ उपकरण कब्जे में लिए
डिप्टी सीएमओ डॉ. सीनू चौधरी ने बताया कि पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कर्ण विहार स्थित वंदना मेडिकल स्टोर की जांच की, जांच के दाैरान वहां मौके पर फार्मासिस्ट नहीं था। टीम काे वहां पर साथ ही दवाओं की खरीद-बिक्री में भी गड़बड़ी मिली। इसपर टीम ने कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर से मिलीं 41 प्रकार की दवाइयां और कुछ उपकरण कब्जे में लिए गए हैं।