राजकीय महाविद्यालय में ऐरो मॉडलिंग एयर-शो का आयोजन, एनसीसी एयर विंग के बनाए पांच मॉडलों ने किया प्रदर्शन
रिमोट से हुआ मॉडलों का संचालन, ट्रेनी एयर क्राफ्ट के प्रदर्शन से हुई शुरुआत, हवाई पट्टी से कॉलेज तक लगाए चक्कर
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सेक्टर-14 स्थित पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में नंबर-2 में हरियाणा एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की ओर से ऐरो मॉडलिंग एयर शो का आयोजन किया गया। इस दौरान पांच एयर मॉडलों ने उड़ान भरी और हवा में करीब आधे घंटे तक रहकर कई हैरतअंगेज करतब दिखाए। ये पांचों मॉडल एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स की ओर से तैयार किए गए हैं। इनका संचालन रिमोट से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वायरस- एसडब्ल्यू 80 माइक्रोलाइट ( ट्रेनी एयरक्राफ्ट) से की गई। जिसने हवाई पट्टी से कॉलेज तक कई चक्कर लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के एनसीसी अधिकारी फ्लाइट लेफ्टिनेंट डॉ. सुरेश कुमार दुग्गल ने की। वहीं प्राचार्य डॉ. रेखा त्यागी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कप्तान डीजी नायर ने महाविद्यालय के ही एयर विंग कैडेट को साथ लेकर ट्रेनी एयरक्राफ्ट को नेवल हवाई पट्टी से उड़ान भरते हुए महाविद्यालय के ऊपर से कई चक्कर लगा कर शो की शुरुआत की। एयर शो का संचालन एनसीसी यूनिट के ऐरो मॉडलिंग अनुदेशक जगदीप कपिल ने किया। महाविद्यालय के 50 सीनियर एयरविंग कैडेट्स ने इस कार्यक्रम में भा लिया। इस अवसर पर प्राचार्य के पद पर पदोन्नत हुए डॉ. महेंद्र सिंह बागी, उप प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र नागिया व एनसीसी यूनिट से सार्जेट पीके चौबे, डॉ. अमित, डॉ. ममता, डॉ. निधि, डॉ. बलवान, डॉ. नरेश, एनएसएस अधिकारी डॉ. राजेश रंगा, सार्जेंट पीके चौबे और मनोज राणा मौजूद रहे।
मिराज और जगुआर ने करतब दिखाए तो हुआ जयघोष
सबसे पहले एयर शो में महाविद्यालय के कैडेट सौरभ व विजय बाजवा ने कंट्रोल लाइन ऐरो माडल का बेहतर प्रदर्शन करते हुए कंट्रोल लाइन एयर मॉडल को उड़ाकर दिखाया। इसके बाद आरसी पावर मॉडल का प्रदर्शन कैडेट ओमकार व गोविंद ने किया। जिसे रिमोट से उड़ाया गया। आरसी पावर मॉडल ने हवा में कई कलाबाजियां खाई। कैडेट निधि व चेतना ने स्टेटिक ऐरो मॉडल के रूप में मिराज-2000 व जगुआर का शानदार प्रदर्शन किया। शो में जब आरसी मॉडल और माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट ने जब एक साथ उड़ान भरते हुए महाविद्यालय परिसर के ऊपर से चक्कर लगाए तो सभी विद्यार्थियों ने तालियां बजा कर एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और भारत माता की जय के नारे गूंजे।
प्री वायु सेना शिविर में करेंगे प्रतिनिधित्व
एएनओ डॉ. सुरेश दुग्गल ने बताया कि कैडेट्स छह माह से जगदीप कपिल के नेतृत्व में कड़ा प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे आगामी प्री वायु सैनिक शिविर में यूनिट का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस एरो मॉडलिंग शो का आयोजन महाविद्यालय में आये नए विद्यार्थियों को एनसीसी के प्रति प्रोत्साहित करने के उदेश्य से किया गया। ताकि स्कूल से कॉलेज लाइफ में कदम रख रहे विद्यार्थियों को एनसीसी में होने वाली कार्यशैली के बारे में बताया जा सके। विद्यार्थियों को एनसीसी एयर विंग से होने वाले फायदे भी बताए। प्रिंसिपल डॉ. रेखा त्यागी ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी।