करनाल। दो साल बाद स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार स्कूली विद्यार्थी दिखाई देंगे। विद्यार्थी रंगारंगा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा सामूहिक मास पीटी शो का भी प्रदर्शन करेंगे। कर्ण नगरी में पहली बार जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह एनडीआरआई के मैदान में मनाया जाएगा। जबकि पहले यह आयोजन कर्ण स्टेडियम या नई अनाज मंडी में आयोजित होता था।
लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने इस बार एनडीआरआई के मैदान में कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्णय लिया है। हालांकि पहले किसान आंदोलन के चलते गणतंत्र दिवस समारोह भी 26 जनवरी को यहीं हुआ था। लेकिन उस समय न दर्शकों को बुलाया गया था और न ही स्कूली विद्यार्थी कार्यक्रम का हिस्सा बने थे। गत वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह भी नई अनाज मंडी में चंद लोगों की उपस्थिति में हुआ था। कार्यक्रम में परेड में भी पुलिस, महिला पुलिस, होम गार्ड व एनसीसी की प्लाटूनें ही शामिल होंगी।
भीड़ नहीं होगी, बिना मास्क के नहीं मिलेगा प्रवेश
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीसी निशांत कुमार यादव ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक ली। सभी विभागों को अपने से संबंधित तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। समारोह में कोविड-19 प्रोटोकॉल की अनुपालना का पूरा ध्यान रखा जाएगा। ज्यादा भीड़ इकट्ठी नहीं होगी। बिना मास्क के कोई भी समारोह में भाग नहीं लेगा।
कोरोना योद्धा होंगे सम्मानित
कार्यक्रम में कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया जाएगा। जिनमें स्वास्थ्य, आयुष विभाग, पुलिस विभाग व एनजीओ के सदस्य शामिल होंगे। एडीसी योगेश कुमार को कार्यक्रम का ओवर ऑल इंचार्ज बनाया गया है। समारोह से पहले मुख्य अतिथि शहीदी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करके शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम में ध्वजारोहण के बाद परेड निरीक्षण, मुख्य अतिथि का भाषण और मार्च पास्ट होगा।
10 से शुरू होगा पूर्वाभ्यास
एनडीआरआई के खेल मैदान में परेड में भाग लेने वाली टीमों का 10 अगस्त को प्रथम पूर्वाभ्यास, 11 अगस्त को द्वितीय और 13 अगस्त को अंतिम पूर्वाभ्यास होगा। पुलिस विभाग ट्रैफिक कंट्रोल व सुरक्षा के इंतजाम करेगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा बैरीकेटिंग करवाई जाएगी। इसके अलावा असंध, घरौंडा व इंद्री उपमंडल में भी समारोह होगा।