संवाद न्यूज एजेंसी
मधुबन (करनाल)। गांव झिवरहेड़ी में खाली पड़ी जमीन पर कब्जे की शिकायत के बाद रविवार की देर रात मधुबन पुलिस के चार कर्मचारियों ने पूर्व सरपंच बुजुर्ग के घर दबिश दी जिससे वहां हंगामा हो गया। आरोप है कि महिलाओं ने विरोध किया तो पुलिस ने धक्का-मुक्की करते हुए पूर्व सरपंच को जबरदस्ती जीप में डालने का प्रयास किया। वहीं उसकी पत्नी पूर्व सरपंच व परिवार की अन्य महिलाओं के साथ पुलिस द्वारा अभद्रता करने का आरोप है। हालांकि विरोध बढ़ने के बाद पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। यह घटनाक्रम यहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गया और उसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत गृह मंत्री अनिल विज से की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के गांव झिंवरहेड़ी में खाली पड़ी जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। जिसमें एक पक्ष ने पूर्व सरपंच गुलाब सिंह, उनकी पूर्व सरपंच पत्नी प्रेमो देवी व उनके बेटे शलिंद्र के खिलाफ मारपीट की शिकायत मधुबन पुलिस में दी है। शिकायत के बाद रविवार शाम करीब आठ बजे मधुबन थाना के चार पुलिस कर्मी जीप लेकर पूर्व सरपंच गुलाब सिंह के घर पहुंचे। इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं ने रात्रि के दौरान बिना किसी वारंट के घर में घुसने का विरोध किया तो पुलिस जबरदस्ती पर उतर आई। पुलिस कर्मियों ने घर की तलाशी शुरू कर दी और वापस लौटते समय 70 वर्षीय पूर्व सरपंच गुलाब को जबरन पुलिस जीप में बैठाने का प्रयास किया। पूर्व सरपंच गुलाब सिंह की पूर्व सरपंच पत्नी व उसकी बहन ने जब इस कार्रवाई का विरोध किया तो खींचतान होने लगी। इसी खींचतान के बीच जब पुलिस पूर्व सरपंच को पुलिस जीप में जबरन बैठा रही थी, तो बुजुर्ग जमीन पर गिर गया। विरोध अधिक बढ़ा तो पुलिस बिना किसी गिरफ्तारी के लौट गई।
परिजनों ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा बुजुर्ग दंपती के साथ दुर्व्यवहार की पूरी घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया है। बुजुर्ग दंपती ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। वही घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी गंगाराम पुनिया ने जांच के आदेश जारी कर दे दिए हैं। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।
गांव झिवरहेड़ी निवासी शीला पत्नी हवा सिंह की शिकायत पर गुलाब, उसकी पत्नी प्रेमो व बेटे सलिंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस टीम इस मामले की जांच में शामिल होने के लिए गुलाब को बुलाने गई थी, लेकिन वहां कुछ लोगों ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया। वायरल हुई वीडियो की जांच की जाएगी।
-जयसिंह, डीएसपी करनाल