माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्पेशल टास्क फोर्स अंबाला की टीम ने अफीम की तस्करी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गुरनाम सिंह वासी कुम्हार माजरा कुरुक्षेत्र ने 1.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से अफीम कुलबीर सिंह वासी बांसा से खरीदी थी। जिसे कुरुक्षेत्र में तीन गुना महंगे दाम पर बेचना था।
निरीक्षक प्रवीण शर्मा और उप निरीक्षक दिनेश चंद्र ने बताया कि मंगलवार देर शाम वे थाना निसिंग के गांव बांसा क्षेत्र में थे। सूचना के आधार पर आरोपी गुरनाम सिंह को बांसा पाढ़ा ड्रेन पुल से गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 2 किलो 800 ग्राम अफीम बरामद हुई। रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी। आरोपी ने जिस व्यक्ति से अफीम खरीदी थी, उसे गिरफ्तार करके मामले का खुलासा किया जाएगा। टीम में एसआई रामकुमार, एएसआई सुभाष, कुलदीप, प्रदीप, बलकार, संदीप, रोहित, मनोज, दिनेश और राहुल शामिल रहे।