संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने कार में डोडा पोस्त की तस्करी करने के आरोप में एक आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी से कुल 20 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल टीम के उप निरीक्षक रोहताश ने बताया कि 9 नवंबर को वह सालवन चौक पर मौजूद थे तभी टीम को सूचना मिली कि आरोपी बलिहार निवासी मूनक जिला करनाल खुद की कार से डोडा पोस्त बेचने का काम करता है। वह अपनी कार में डोडा पोस्त लेकर गांव दपेड़ी होते हुए दनोली में सप्लाई करने आएगा। सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर आरोपी को दनौली चौक मलिक पुर रोड पर नाका बंदी कर पकड़ लिया। गाडी की तलाशी लेने पर ड्राइवर वाली सीट के पीछे की सीट पर से प्लास्टिक के दो कट्टे बरामद किए गए। कट्टों को खोलकर चेक किया तो उसमें डोडा पोस्त मिला। जिसका वजन करने पर प्रत्येक कट्टे में 10 किलो 100 ग्राम, कुल 20 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी द्वारा खुलासा किया गया कि वह कुछ समय से डोडा पोस्त खरीदने-बेचने का काम करता है।
डोडा पोस्त को उत्तर प्रदेश के शामली से 3500 रुपये प्रति किलो के भाव में एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था और करनाल में लाकर अलग-अलग स्थानों पर ग्राहकों को मंहगे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाना था। आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।