तरावड़ी में एक लेखाकार ने फर्जी हस्ताक्षर कर दो फर्मों के बैंक खातों से 25 लाख 41 हजार 835 रुपये निकाल लिए। तरावड़ी थाना पुलिस ने फर्म के मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में तरावड़ी निवासी पंकज गोयल ने बताया कि उसकी केएस एग्रो और केएस ओवरसिस के नाम से दो फर्में हैं। इनके दो बैंक खाते भी हैं। उनके लेखाकार साहिल कुमार ने चेक पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक खातों से 25 लाख 41 हजार 835 रुपये निकाल लिए। उसने ये राशि दीपक शर्मा, रजत, कुलदीप, अशोक आदि के बैंक खाते में डाली है। आरोपी ने 19 अक्तूबर 2021 में यह फर्जीवाड़ा शुरू किया था और अलग अलग समय में कई चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर रुपये निकाल लिए हैं। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।