करनाल। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों में आज से दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। विद्यार्थी दाखिले के लिए अपने नजदीकी मॉडल संस्कृति स्कूल से निशुल्क आवेदन फार्म ले सकते हैं। नए शैक्षणिक सत्र 2022-23 की दाखिला प्रक्रिया एक मई तक चलेगी। दाखिले के लिए विद्यार्थियों को 25 अप्रैल तक आवेदन फार्म भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ जमा कराना होगा। ड्रा के आधार पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाएगा। फिलहाल दाखिला प्रक्रिया एक चरण की ही है, यदि सीटें रिक्त बचती हैं तो दो मई को दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू करके दाखिले दिए जाएंगे। इन स्कूलों में निजी स्कूलों की तर्ज पर अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी।
स्कूलों में दाखिले व मासिक फीस भी देनी होगी। गत वर्ष सरकार ने प्रदेश के चयनित सरकारी स्कूलों को मॉडल संस्कृति में तब्दील किया था। सीबीएसई बोर्ड से मान्यता मिलने के बाद इन स्कूलों की अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई भी शुरू हो गई थी। गाइडलाइन के अनुसार, पंजीकरण केवल एक बार लिया जाना है। गत वर्षों से दाखिल विद्यार्थियों से किसी तरह का पंजीकरण नहीं लिया जाएगा। कक्षावार, विद्यालय विकास निधि के रूप में फीस ली जाएगी। दाखिले के लिए विद्यार्थी का जन्म प्रमाणपत्र और रिहायशी प्रमाणपत्र जरूरी है। ब्यूरो
पहली कक्षा में हिंदी माध्यम का नहीं होगा सेक्शन
प्राथमिक स्कूलों में पहली कक्षा में केवल अंग्रेजी माध्यम में पढ़ने वाले विद्यार्थी को ही दाखिला मिलेगा। पहली कक्षा में हिंदी माध्यम का कोई सेक्शन नहीं होगा। सभी कक्षाओं में सेक्शन की संख्या संबंधित एसएमसी द्वारा स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के मद्देनजर निर्धारित की जाएगी।
एसएमसी के निर्णय पर बनेंगे अतिरिक्त सेक्शन
हर स्कूल अपनी प्रबंधन समिति की बैठक बुलाकर स्कूल में सुविधा के अनुसार सीटों का निर्धारण करेगी। उपलब्ध सीटों पर ही दाखिला किया जाएगा। स्कूल में उपलब्ध सुविधा के अनुसार, एसएमसी की बैठक में फैसला लेकर पहली, छठी, नौवीं और 11वीं में अंग्रेजी माध्यम से सेक्शन में ही नए दाखिले किए जाएंगे। एसएमसी स्कूल को दोहरी पारी में संचालित करने का फैसला करती है तो ऐसे में उन्हें अतिरिक्त सेक्शन बनाने की अनुमति होगी।
दाखिले को लेकर यह रहेगा शेड्यूल
- 05 अप्रैल से एक मई तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। पहले दिन से ही स्कूलों से आवेदन फार्म मिलने शुरू होंगे।
- 05 से 25 अप्रैल तक विद्यार्थी स्कूल मुखिया को आवेदन फार्म जमा करा सकते हैं।
- 26 अप्रैल को ड्रा निकाला जाएगा।
- 01 मई को प्रतीक्षा सूची के आधार पर दाखिला होगा।
- 02 मई को दाखिलों का दूसरा दौर शुरू होगा।
सेक्शन में विद्यार्थियों की संख्या
- कक्षा पहली से पांचवीं तक अधिकतम 30 छात्र प्रति सेक्शन।
- कक्षा छठी से आठवीं तक अधिकतम 35 छात्र प्रति सेक्शन।
- कक्षा नौवीं से बारहवीं तक अधिकतम 40 छात्र प्रति सेक्शन।
सीटों पर आरक्षण की स्थिति
- जिनकी सालाना आय 1.80 लाख रुपये तक है। उन बच्चों के लिए सेक्शन में 20 प्रतिशत यानी छह सीटें आरक्षित रहेंगी।
- जिनकी सालाना आय 2.40 लाख रुपये तक है, उन बच्चों के लिए सेक्शन में 10 प्रतिशत यानी तीन सीटें आरक्षित होंगी।
- एससी वर्ग के बच्चों को लेकर हर सेक्शन में तीन, बीसीए को लेकर दो और बीसीबी की एक व अनाथ, दिव्यांग व एचआईवी ग्रस्त बच्चे को लेकर दो सीटें आरक्षित रहेंगी।
ऐसे देनी होगी फीस
कक्षा मासिक फीस
पहली से तीसरी 200
चौथी और पांचवीं 250
छठी से आठवीं 300
नौवीं और दसवीं 400
11वीं और 12वीं 500
(कक्षा पहली से पांचवीं तक 500 और छठी से बारहवीं तक 1000 रुपये दाखिला राशि एकमुश्त देनी होगी)
फोटो--- 57 नंबर है।
वर्जन-
स्कूलों की ओर से विद्यार्थियों को आवेदन फार्म निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी बच्चे को दस्तावेजों के अभाव में दाखिले से वंचित नहीं किया जाएगा। यदि दस्तावेज नहीं हैं तो भी उन्हें दाखिला देते हुए दस्तावेज तैयार कराने के लिए 30 दिन का समय दिया जाएगा। यदि आरक्षित सीटों के लिए संबंधित श्रेणी से आवेदन नहीं आते हैं तो इन सीटों को सामान्य श्रेणी में भरा जाएगा।
रामदिया गागट, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी- यमुनानगर