संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। बाइक सवार तीन बदमाशों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े किस्तों का कलेक्शन करके लौट रहे निजी कंपनी के कर्मचारी से हथियार के बल पर 93 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। फिलहाल मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सत्य माइक्रोकैपिटल में कार्यरत कर्मचारी मुनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह पिछले तीन साल से सत्य माइक्रोकैपिटल में काम करता है। उसका काम क्षेत्र के आसपास गांव से दिए हुए लोन की किस्त वसूलने का है। शुक्रवार दोपहर बाद वह घरौंडा से किस्त कलेक्शन करते हुए देर शाम गांव जमालपुर से वापस आ रहा था तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसके सामने अपनी मोटरसाइकिल लगा दी। इसके बाद कनपटी पर तमंचा लगाकर बैग देने के लिए कहा। जब बैग देने का विरोध किया तो एक युवक ने उसके सिर पर तमंचे का बट मार दिया। दूसरे युवक ने उसके हाथ से बैग छीन लिया। मोटरसाइकिल पर बैठकर तीनों युवक फरार हो गए। मनीष ने बताया कि बैग में कलेक्शन के 92 हजार रुपये थे।
मुनीश ने वारदात की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। मुनीश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी। जांच अधिकारी रोहताश कुमार ने बताया कि करनाल की कंपनी के एक कर्मचारी ने लूट की वारदात की शिकायत दी है। मामला दर्ज कर लिया है। लुटेरों की तलाश की जा रही है।