संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस कारण स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन भी सतर्कता बढ़ा रहा है। वीरवार को कोरोना के 285 नए केस आए। हालांकि राहत की बात यह है कि 120 संक्रमित मरीज ठीक हो गए। नए संक्रमितों में सीएमओ कार्यालय के कर्मचारी, एसएमओ बल्ला सीएचसी, विद्यार्थी, बिजनेसमैन, टेलर, तीन माह का बच्चा व घरों में रह रहे लोग ज्यादा हैं। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों को कोरोना हिदायतों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 1669
उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 1669 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 2431 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिले में अब तक 664176 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अब तक 42070 पॉजिटिव केस सामने आए थे, जिनमें से 39845 मरीज ठीक होकर घर चले गए। अब तक 556 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।
जिले में कोरोना को नियंत्रित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें और जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीकाकरण कराने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। जनता से अपील है कि वे घबराएं नहीं और कोरोना हिदायतों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। जहां भी जाएं सामाजिक दूरी का पालन अवश्य करें। घर से बाहर निकलने पर मास्क जरूर पहनें। बार-बार हाथों को सैनिटाइज करते रहें।
निशांत कुमार यादव, जिला उपायुक्त