- खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अंत्योदय सरल पोर्टल पर सात अगस्त की सुबह 10 बजे तक मांगे ऑनलाइन आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा सरकार ने करीब डेढ़ साल से नए राशन डिपो बनाने पर लगी रोक हटा दी है, इसके बाद खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने नए डिपो के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। जिले में करीब 122 डिपो रिक्त पड़े हैं, ये सभी राशन डिपो पढ़ी-लिखी महिलाओं को आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए सात अगस्त सुबह 10 बजे तक सरल पोर्टल पर आनलाइन आवेदन करने को कहा गया है। जिससे ग्रामीण इलाकों में डिपो लेने के लिए सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
करीब डेढ़ साल से अधिक समय से हरियाणा सरकार ने नए राशन डिपो आवंटित करने पर रोक लगा रखा थी। जिसके कारण कई राशन डिपो रिक्त पड़े थे। कई को दूसरे डिपो से संबंध कर रखा था। जिसके कारण राशन उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही कई दावेदार राशन डिपो आवंटित कराने के लिए लगातार डीएफएससी कार्यालय के चक्कर भी लगा रहे थे। सभी को एक ही जवाब मिल रहा था कि अभी नए राशन डिपो का आवंटन सरकार ने बंद कर रखा है।
डीएफएससी करनाल अनिल कालरा ने बताया कि अब हरियाणा सरकार ने नए राशन डिपो पर लगी रोक हटा ली है। करनाल सहित सभी जिलों में नए राशन डिपो आवंटन के लिए अंत्योदय सरल पोर्टल शुरू किया गया है। पीडीएस कंट्रोल आर्डर 2022 के तहत नए पीडीएस लाइसेंस जारी किए जाने हैं। करनाल जिले में काफी दिनों से रिक्त चल रहे 119 राशन डिपो की आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ये सभी डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। जो 655 राशन डिपो पुराने चल रहे हैं, वह यथावत चलते रहेंगे।
खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अनिल कालरा ने बताया कि आवेदनकर्ता की आयु 21 वर्ष से 45 वर्ष तक होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त नए राशन डिपो आवंटित करने में तेजाब हमले से पीड़ित महिला व विधवा महिला को वरीयता प्रदान की जाएगी। राशन डिपो प्राप्त करने के लिए महिला आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट या इसके समकक्ष होनी चाहिए, साथ ही उसे कंप्यूटर का मूल ज्ञान होना अनिवार्य है।
ये नहीं कर सकते आवेदन
डीएफएससी ने बताया कि ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच या पंच और नगरपालिका समिति, नगर परिषद, नगर निगम के उम्मीदवार का निकट पारिवारिक सदस्य यानी पति-पत्नी, पुत्र-पुत्री वा निकट संबंधी माता-पिता, भाई-बहन उसके बच्चे तथा साला-साली आदि नहीं होना चाहिए।
कैसे करें आवेदन
आवेदक महिला को राशन डिपो के लिए अंत्योदय सरल पोर्टल पर दर्शाए गए रिक्त स्थान के लिए आवेदन करना है। आवेदन सात अगस्त 2023 सुबह 10 बजे ऑनलाइन किया जा सकता है। इस बारे में यदि किसी को और अधिक जानकारी चाहिए तो वह जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक कार्यालय मेरठ रोड (एमआईटीसी गोदाम करनाल) आकर भी संपर्क कर सकता है।