करनाल। जमीन बेचने के नाम पर 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एसपी को दी शिकायत में सेक्टर-5 निवासी रामकुमार राणा ने बताया कि कैमला निवासी राजिंद्र शर्मा, रामफल और श्याम लाल से 250-250 वर्ग गज में दो मकान डबल स्टोरी, जिनके नीचे 09 दुकानें बनी थी, 250 गज और एक 300 गज का खाली प्लाट व 150 गज में गोदाम बना हुए समेत कुल 1200 वर्ग गज भूमि की खरीद का अनुबंध हुआ था।
जिसके मुताबिक 1 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये कीमत तय की गई थी। ब्याना के तौर पर 11 लाख रुपये विनोद कुमार निवासी गांव घरौंडा को दिए। रजिस्टरी के लिए 9 अक्तूबर 2014 तिथि निर्धारित हुई। लेकिन आरोपी रजिस्टरी करवाने के लिए तहसील में नहीं आए। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी तो सीआईए -1 ने जांच की। इस दौरान उन्होंने 23 अगस्त 2016 को 11 लाख रुपये आठ माह तक देने का लिखित में समझौता किया। लेकिन आज तक ना पैसे मिले और न ही रजिस्टरी कराई।
अब रजिस्टरी के लिए कहते हैं, तो जान से मारने की धमकी देते हैं। आरोप है कि आरोपियों के पिता अमर सिंह उन्हें कहते हैं कि अगर मेरे लड़कों को कुछ हुआ तो मैं खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर लूंगा और तुझे व तेरे परिवार को फंसवा दूंगा। इसी प्रकार एग्रीमेंट कराने वाले सतपाल से भी धमकी मिल रही है। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी 2021 को भी शिकायत दी थी, लेकिन थाना प्रभारी ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। -ब्यूरो