पुलिस को शिकायत देते मृतक के परिजन
- फोटो : संवाद
झज्जर के भापडोदा गांव के पास डाक कांवड़ की पिकअप गाड़ी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में चार कांवड़िये घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए झज्जर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान एक कांवड़िये की मौत हो गई। मृतक साहिल गांव भदानी का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी अनुसार साहिल खेती-बाड़ी का काम करता था। साहिल गांव की डाक कांवड़ में शामिल होकर 29 जुलाई को हरिद्वार गया था और एक अगस्त को हरिद्वार से डाक कांवड़ उठाकर गांव भदानी लौट रहा था। जैसे ही डाक कांवड़ की पिकअप गांव भापडोदा के पास पहुंची तो चालक गाड़ी से संतुलन खो बैठा और हादसा हो गया। हादसे में अन्य घायलों को झज्जर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया
मृतक साहित के परिजनों ने बताया कि करीब छह साल पहले बीमारी के चलते साहिल के पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार में वह इकलौता कमाने वाला था। उसकी बड़ी बहन है। आसौदा पुलिस चौकी के एएसआई मनजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भापडोदा गांव के पास डाक कावड़ की पिकअप गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई है। इसमें एक कांवड़िये की इलाज के दौरान मौत हुई है और तीन कांवड़िये घायल हैं। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
मृतक साहिल के चचेरे भाई सोमबीर के बयान पर पिकअप ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया है।