When we went out with the funeral procession, the pain of raw street came on the tongue
- फोटो : Kaithal
(कैथल)राजौंद। कच्ची गली और कीचड़ भरा रास्ता। यहां से किसी की शवयात्रा निकालना कितना मुश्किल है। शायद यह कभी किसी ने सोचा न होगा। लेकिन रविवार को वार्ड 8 के लोगों को कुछ इसी तरह की मुश्किल से जूझना पड़ा। महिला की मौत होने पर शवयात्रा लेकर कीचड़ के बीच से निकले लोगों की जुबां पर कच्ची गली का दर्द साफ झलका। इस स्थिति पर उच्चाधिकारियों की आलोचना भी की।
वार्ड नंबर 7 व 8 में बारिश से हुए जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। लोगों ने समस्या का समाधान कराने के लिए कई बार जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन आज तक गली को पक्का नहीं किया जा सका। अब स्थिति यह है कि जरा सी बारिश होती है तो यहां हालात बदतर बन जाते हैं। आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है, लेकिन रविवार को लोगों की जुबां पर उस समय गुस्सा नजर आया जब वे इस कच्ची गली से महिला का शव लेकर गुजर रहे थे।
गली पर बारिश से हुए जलभराव को देखकर शव यात्रा में शामिल लोगों का कहना था कि गली का निर्माण कराने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की लेकिन आज तक गली का निर्माण नहीं हो सका है। लोगों का गुस्सा जुबां पर आ ही गया। वार्ड नंबर 8 निवासी सुखदेव, हवा सिंह, सुरेश, रामपाल, सोनू, सतपाल, जोगेंद्र, काला, अशोक ने बताया कि पिछले चार दिन से हो रही बारिश से गली में भरे गंदे पानी व कीचड़ से निकला नहीं जा रहा है। लोगों ने बताया कि वह इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं लेकिन इस गली की और किसी ने ध्यान नहीं दिया है। लोगों ने कहा कि गली कच्ची होने के कारण अगर थोड़ी सी बरसात हो जाए तो पानी गली में भर जाता है, जिससे वहां से निकलना मुश्किल भरा रहता है। गली के दोनों तरफ नालों का निर्माण नहीं किया गया, जिससे घरों से आने वाला पानी गली में भर जाता है। लोगों ने कहा कि बार- बार प्रशासन को अवगत करवाने के बाद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। लोगों ने मांग की है कि इस कच्ची गली का निर्माण करवाकर उन्हें इस समस्या से छुटकारा दिलाया जाए।