हरियाणा के कैथल में एक सड़क हादसे का वीडिया सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यहां दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना पास में लगे पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हुई है।
हरियाणा के कैथल में दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। चीका-कैथल मार्ग पर दोनों गाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो दिन पुराना है। इसमें दो गाड़ियों में जबरदस्त टक्कर हुई है। गनीमत यह रही कि दोनों ही गाड़ियों के एयरबैग खुलने के कारण जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला घायल हुई थी। जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद घर वापस भेज दिया गया है।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी अनुसार कैथल-चीका मार्ग पर गत शनिवार को दोपहर बाद दो गाड़ियों की जबरदस्त टक्कर से हादसा हो गया। इस हादसे का एक सीसीटीवी वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के अनुसार चीका में कैथल-चीका मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के सामने दो गाड़ियों की टक्कर हुई। इसमें एक गाड़ी पटियाला और एक कैथल की तरफ से आ रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ने लगी तो तभी पीछे से आई तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसके बाद टक्कर मारने वाली गाड़ी हाईवे पर लगे डिवाइडर से टकराई और पलट गई। यह देख आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़ पड़े।
हादसे में दोनों ही गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। हादसे के समय पेट्रोल पंप पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी संजय कुमार ने बताया कि इसमें से एक गाड़ी पेट्रोल पंप संचालक की थी। टक्कर होने के बाद दोनों गाड़ियों के एयरबैग खुल गए थे, जिससे उनमें सवार लोगों की जान बच गई। इस मामले में पुलिस के पास अभी तक कोई शिकायत नहीं पहुंची है।