08-कलायत। गांव कमालपुर पोलिंग स्टेशन के बाहर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव दिखाते युवा सुशील कुमार
- फोटो : Kaithal
कलायत। खंड के गांव शिमला में सरपंच-पंचों व ब्लाक समिति सदस्य की सर्वसम्मति के चलते जिला परिषद के लिए मतदान हुआ। जबकि कौलेखां गांव में ब्लाक समिति और जिला परिषद के लिए वोट डाले गए। इस गांव में भी सरपंच और सभी पंच सर्वसम्मति से चुने जा चुके हैं। इसके चलते इन गांवों में अन्य की तुलना में चुनावी सरगर्मी अपेक्षाकृत कम रही।
कलायत खंड के गांव कमालपुर के पोलिंग स्टेशन के बाहर जिला न्यायालय में अहलमद के पद पर सेवारत सुशील कुमार ध्यान आकर्षण प्रस्ताव के जरिए बुनियादी सुविधाओं को लेकर जागरूकता की अलख जगाने में लगे रहे। वे पेयजल और पानी निकासी के अहम मुद्दे पर काबिल उम्मीदवारों के पक्ष में वोट की अपील कर रहे थे। सुशील कुमार ने बताया कि ग्रामीण अंचल में लंबे समय से पेयजल संकट और पानी निकासी की समस्या सिर उठाए है। हर बार चुनाव में उम्मीदवार लंबे चौड़े वायदे जनता से करते हैं। जबकि चुनाव के बाद मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। ऐसे में समस्याएं सुलझने की बजाए गंभीर होती जा रही है।