कैथल। मंगलवार को दूसरे दिन कैथल नगर परिषद में तीन पार्षद पद के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे वहीं चीका और राजौंद नगर पालिका में किसी ने पर्चा नहीं भरा। हालांकि दिनभर उम्मीदवार व उनके समर्थक नामांकन प्रक्रिया की जानकारी जुटाते नजर आए। उधर, नगर परिषद व अन्य विभागों से एनओसी हासिल करने में पार्षदों व उनके समर्थकों के पसीने छूट रहे हैं।
कैथल नगर परिषद में एसडीएम ब्रह्मप्रकाश ने सुबह दस बजे दोपहर बाद तीन बजे तक खुद की निगरानी में नामांकन पत्र जमा करवाए। चेयरमैन कक्ष में बनाए गए विशेष काउंटर में नामांकन पत्र जमा करवाने के लिए आए उम्मीदवारों के कागजात की गहनता से जांच की गई। नामांकन पत्र जमा करवाने वालों में वार्ड नंबर तीन से पूनम, वार्ड दस से सुनीता व कुलदीप ने नामांकन पत्र जमा करवाए हैं।
उधर, राजौंद और चीका नगर पालिका में कोई भी उम्मीदवार नामांकन पत्र भरने नहीं पहुंचा। राजौंद में रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम कलायत सुशील कुमार नामंकन प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अपने कागजात पूरे करके ही नामांकन पत्र जमा करवाने के लिए पहुंचे।
मतदाता सूची में मतदाता संख्या का कॉलम अधूरा
मतदाता सूची में मतदाता संख्या के कॉलम के अधूरा होने पर कई उम्मीदवार मंगलवार को एसडीएम से मिलने नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। आप से संभावित उम्मीदवार रामप्रताप गुप्ता ने ईओ कुलदीप मलिक न एसडीएम ब्रह्मप्रकाश से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र के मतदाता संख्या लिखने वाले कॉलम में पूरी जानकारी नहीं है। इसके लिए उन्हें पूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाए। कहीं ऐसा न हो वे इस अधूरी जानकारी के साथ नामांकन भर दें। बाद में उनका नामांकन रद कर दिया जाए। इसके बाद वे एसडीएम से मिले। एसडीएम ने उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
विधायक की पुत्रवधू को बनाया जजपा ने गुहला-चीका नगर पालिका चेयरपर्सन पद की उम्मीदवार
गुहला-चीका। जजपा ने चीका नगरपालिका चुनाव में रेखा रानी को चेयरपर्सन उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है। रेखा रानी के नाम की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय चौटाला ने आज सिरसा स्थित चौटाला हाउस से अन्य उम्मीदवारों के साथ की। रेखा रानी को चीका नगरपालिका चेयरपर्सन का उम्मीदवार बनाए जाने पर जजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
वह गुहला से मौजूदा जजपा विधायक ईश्वर सिंह की पुत्रवधू व हरियाणा डेयरी विकास संघ के चेयरमैन रणधीर सिंह की धर्म पत्नी हैं। रेखा रानी ने 2014 में गुहला विधान सभा से आजाद प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था और 22 हजार से अधिक वोट हासिल कर अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज करवाई थी। हलका विधायक ईश्वर सिंह ने अब एक बार फिर से रेखा रानी को नगरपालिका चेयरपर्सन उम्मीदवार रूप में चुनाव मैदान में उतार कर हलका की राजनीति पर अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया है।