Thieves broke the locks of two showrooms in High Security Zone, theft of lakhs
- फोटो : Kaithal
पिछलों दिनों चलाए गए नाइट डोमिनेशन अभियान को धता बताते हुए चोरों ने हाई सिक्योरिटी जोन कहलाने वाले क्षेत्र में शनिवार रात दो बड़े शोरूम के ताले तोड़ दिए। चोर यहां से लाखों रुपये के कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने इसी रात चार अन्य दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। ताबड़तोड़ घटनाओं से दुकानदारों में रोष है।
घटना के बारे में शनिवार की सुबह करीब छह बजे ही दुकानदारों को पता चला। सबसे पहले अंबाला रोड पर आरकेएसडी कॉलेज के सामने स्थित दो कपड़ों के शोरूम में सेंध लगाए जाने की सूचना मिली। जिसकी सूचना मिलते ही दोनों के मालिक मौके पर पहुंचे। यहां प्यूमा कंपनी के शोरूम संचालक संदीप ने बताया कि पड़ोसी ने उनको सूचना दी की शो रूम का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद यहां आकर देखा तो हजारों का सामान चोरी हुआ मिला। वहीं इसके पास में स्थित कन्फर्ट शोरुम संचालक कपिल जैन ने बताया कि शोरूम का शटर तोड़कर चोर नकदी सहित सामान चोरी कर ले गए हैं। उसने कहा कि यहां पास में ही पीडब्ल्यूडी का रेस्टहाउस है। कुछ दूरी पर राज्यमंत्री कमलेश ढांडा का आवास है। यदि यही इलाका सुरक्षित नहीं है तो शहर में कौन सा इलाका सुरक्षित होगा। दोनों शोरूम के सीसीटीवी कैमरों का पहले एंगल बदला गया। इसके बाद चोर डीवीआर भी चोरी कर ले गए।
इसी प्रकार से ढांड रोड स्थित ईजी-डे पर चोरों ने पहले बाहर लगी लाइटों को तोड़ा। इसके बाद ताला व शटर तोड़ा गया। अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी तोड़फोड़ की ताकि चोरों की शक्ल कैमरे में कैद न हो सके। यहां तैनात स्टोर मैनेजर विक्रम सिंह ने बताया कि चोरों ने शटर तोड़कर घटना को अंजाम दिया है। कंपनी के आला अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। चोरी से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
ढांड रोड पर स्थित शिव मंदिर के पास जनता मेडिकल स्टोर संचालक दिनेश कुमार ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे पड़ोसियों से उनको दुकान से चोरी की सूचना मिली थी। इसके बाद दुकान पर पहुंचकर पता किया तो यहां सामान इधर उधर बिखरा मिला। चोर बीस हजार रुपये नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के अनुसार सुबह पांच के बाद तीन चोर कार में सवार होकर पहुंचते हुए दिख रहे हैं। उसने बताया कि चार साल पहले भी दुकान से चोरी हुई थी।