संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने 200 किलो डोडा पोस्त छोड़कर भागने वाले दूसरे आरोपी को दलेल को संगरूर, पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए सात दिन के रिमांड पर लिया है।
गौरतलब है कि 14 नवंबर 2024 को एंटी व्हीकल स्टाफ पुलिस टीम ने रात्रिकालीन गश्त के दौरान मिली एक सूचना के आधार पर बढ़सीकरी बालू रोड पर वाहनों की निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद एक डिपर जलती हुई फॉर्च्यूनर गाड़ी आई।
पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक और उसका साथी गाड़ी को मौके पर छोड़कर धुंध और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। जांच के दौरान गाड़ी में लदे 10 प्लास्टिक कट्टों से 200 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
मामले में कलायत थाने में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त नशा तस्करी में आरोपी मोहल खेड़ा निवासी गुरमेल सिंह और दलेल उर्फ देला शामिल थे। आरोपी गुरमेल को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने गिरफ्तार करके 10 जून तक आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। उससे पूछताछ के बाद आरोपी दलेल को संगरूर, पंजाब से गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए पुलिस ने सात दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले की जांच जारी है।