The relatives demonstrated in the mini secretariat against the non-arrest of the accused
- फोटो : Kaithal
कैथल। मंगलवार को पूंडरी में अपने मामा के घर आई लड़की के साथ मारपीट कर सिर में चोट मारने के मामले में कार्रवाई न किए जाने के विरोध में परिजनों ने लघु सचिवालय में जमकर नारेबाजी की। परिजन लघु सचिवालय में एक सड़क पर लाइन बनाकर बैठ गए। साथ ही घायल लड़की को सड़क पर लेटाकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने घायल लड़की को अस्पताल पहुंचाया। साथ ही परिजनों को आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
लड़की की मां महिला रीना ने बताया कि 15 मार्च को अपने बच्चों के साथ अपने मायके पूंडरी आई थी। ढाई बजे के करीब मनीष व रोशन लाल ने उसकी लड़की कोमल के सिर पर ईंट मारी। ईंट लगने के बाद उसकी लड़की घायल हो गई और पूंडरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला का कहना था कि पूंडरी पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। परिजनों के साथ घायल लड़की सड़क पर लेटी रही और परिजन जमकर नारेबाजी करते रहे। इसके बाद थाना सिविल लाइन से पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने घायल लड़की को इलाज के लिए भेजा और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस संबंध में एसएचओ पूंडरी ने कहा कि पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। एक्स-रे रिपोर्ट का इंतजार है। जैसे ही रिपोर्ट मिलेगी, कार्रवाई कर दी जाएगी।