The number of dengue patients started decreasing, three patients were found
- फोटो : Kaithal
सर्दी बढ़ने के साथ जिलें में डेंगू बीमारी का प्रभाव कम होने लगा है। बीमारी से पीड़ित रोजाना मिलने वाले मरीजों की संख्या में भी अब कमी आने लगी है। नवंबर माह की शुरूआत में जहां रोजाना आधा दर्जन से ज्यादा मरीज जिले में पाए जा रहे थे, अब उनकी संख्या घटकर 3 से 4 के बीच रह गई है। सोमवार को भी जिले में 3 नए मरीज डेंगू से पीड़ित पाए गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुखार से पीड़ित 56 मरीजों की डेंगू के लिए जांच की गई, लेकिन उनमें से 3 को डेंगू की पुष्टि हुई। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले में 379 व्यक्ति डेंगू से पीड़ित पाए जा चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू से बचाव के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। विभाग की टीमें लोगों को जागरूक कर रही हैं। फॉगिंग और जांच का कार्य जारी है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि बीमारी से बचाव के लिए विभाग की ओर से जारी की गई हिदायतों का पालन करें।