कैथल। स्वास्थ्य विभाग पुराने अस्पताल के स्थान पर बनने वाले 100 बेड के अस्पताल का शुरू में इमरजेंसी सेवाओं के लिए प्रयोग करेगा। विभाग ने अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुरानी इमारत के स्थान पर नई बिल्डिंग बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लोक निर्माण विभाग से पत्राचार कर रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने पुरानी और खंडहर हो चुकी इमारत को गिराने और नई इमारत बनाने की अनुमति दी है।
नए बनने वाले 100 बेड के अस्पताल में मरीजों को दाखिल करने के लिए विभाग वार्डों के साथ-साथ आईसीयू और लैब जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा अधिकारियों के कार्यालय भी नई इमारत में ही बनेंगे। विभाग ने कागजी प्रक्रिया जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई है।
इस समय पुराने अस्पताल की इमारत को गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी और कुछ सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए प्रयोग किया जा रहा है। इसकी इमारत भी नकारा घोषित हो चुकी हैं। विभाग के अधिकारियों ने नए अस्पताल के निर्माण के साथ-साथ पुरानी इमारत के एस्टीमेट तैयार करके उच्चाधिकारियों भेजे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि निर्माण से संबंधित कागजी कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। इस्टीमेट के आधार पर जैसी ही बजट उपलब्ध होगा, उसके साथ ही लोक निर्माण विभाग टेंडर प्रक्रिया शुरू कर देगा। टेंडर के बाद पुरानी इमारत को गिराने और नए अस्पताल के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।