कैथल। स्थानीय निकाय विभाग की ओर से चुनाव की तिथि निर्धारित करने की सूचनाओं के बीच चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। नगर परिषद कैथल, कलायत व गुहला-चीका में चुनाव लंबित हैं। वहीं सीवन नगर पालिका में अभी वार्डबंदी की जा रही है। सीवन को छोड़कर उपरोक्त तीनों नगर निकायों में इस समय मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। वीरवार को दावे व आपत्तियां दर्ज करवाने का अंतिम दिन है। आज कैथल, गुहला-चीका व राजौंद में मतदाता मतदाता सूची को लेकर कोई आपत्ति है तो संबंधित कार्यालय में जाकर दर्ज करवा सकते हैं।
कैथल नगर परिषद में 4510 नए मतदाता बने थे। 18 फरवरी को प्रकाशित मतदाता सूची में कैथल शहर में एक लाख छह हजार 356 मतदाता हैं। 31 वार्डों की मतदाता सूचियों में कई पार्षदों, भावी उम्मीदवारों और अन्य लोगों को अगर कोई आपत्ति है तो उसे दर्ज करवा रहे हैं।
आज आपत्तियों का अंतिम दिन
दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए वीरवार अंतिम दिन है। इसीलिए यदि किसी शहरवासी को अपने वोट को लेकर परेशानी है तो वह नगर परिषद कार्यालय कैथल में वार्ड नंबर एक से चार, 23 से 31, आरकेएसडी कॉलेज में वार्ड पांच से नौ, आईटीआई में वार्ड नंबर 17 से 22 और लघु सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय में वार्ड नंबर 10 से 16 तक के दावे और आपत्तियां दर्ज करवा सकता है। नगर परिषद कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार करीब 250 से अधिक दावे और आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं।