कैथल। बीए प्रथम वर्ष की ऑनलाइन परीक्षा के बाद कॉलेज की ओर से जारी लिंक पर विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ फाइल अपलोड नहीं की जा सकी है। ऐसे में जाट कॉलेज के विद्यार्थी वीरवार को अपनी उत्तर पुस्तिकाएं लेकर प्रिंसिपल के पास पहुंच गए और उत्तर पुस्तिकाएं चेक करने के लिए कॉलेज में जमा करवाने की मांग की। कॉलेज स्टाफ ने उत्तर पुस्तिकाएं लेने से पहले तो मना कर दिया, लेकिन बाद में विद्यार्थियों के बार-बार आग्रह के बाद पुस्तिकाएं जमा करवा ली और उनकी चेकिंग कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार करने की बात कही।
कॉलेज में पहुंचे विद्यार्थियों परमजीत, राखी, कोमल, काजल और बिंद्र ने बताया कि बुधवार को सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक उनकी समाजशास्त्र की परीक्षा हुई थी। ऑनलाइन परीक्षा देने के बाद अंतिम आधा घंटा उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ अपलोड करने के लिए दिया गया। उन्होंने कई बार पीडीएफ अपलोड करने का प्रयास किया, लेकिन फाइल अपलोड नहीं हो पाई। क्योंकि परीक्षाएं उन्होंने घर से ही ऑनलाइन दी, ऐसे में उन्होंने वीरवार को सुबह उत्तर पुस्तिका जमा करवाने के लिए अन्य विद्यार्थियों के साथ विचार-विमर्श किया। कुछे विद्यार्थियों को दूसरे विद्यार्थियों के मोबाइल से फाइलें अपलोड करनी पड़ी।