पूंडरी क्षेत्र में बदमाश उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यापारी से पिस्तौल के बल पर 20 हजार और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। लुटेरों ने व्यापारी और अन्य साथियों के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले में केस दर्ज किया है।
उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव बूंटा निवासी हारुन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह तूड़ी बेचने का काम करता है। आठ सितंबर को अब्दुल रहमान वासी बस्सी, मोमिन वासी बूंटा के साथ ट्रैक्टर में तुड़ी लाद कर सीवन के गांव सोथा से मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे थे। नौ सितंबर को वे जैसे ही रसीना से करनाल के बीच पहुंचे तो पीछे से आ रहे कार चालक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद कार चालक ने जबरदस्ती उसे ट्रैक्टर से नीचे उतारा। कार में चार से पांच अन्य युवक भी सवार थे। इसके बाद उन्होंने अवैध पिस्तौल के बल पर उससे 20 हजार रुपये व मोबाइल फोन छीन लिया। इसके साथ अन्य युवकों ने भी उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।