08-कैथल। स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में अच्छा कार्य करने पर कर्मचारियों को प्रशंसापत्र देते ?
- फोटो : Kaithal
कैथल। स्वामित्व योजना में अच्छा कार्य करने पर इन अधिकारियों व कर्मचारियों को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में डीसी प्रदीप दहिया ने सम्मानित किया। योजना में अच्छा कार्य करने पर सीईओ जिप सुरेश राविश, सीटीएम गुलजार अहमद, एसीईओ अमित कुमार, डीडीपीओ कंवर दमन, डीआईओ दीपक खुराना, बीडीपीओ रोजी, श्याम लाल, नरेंद्र कुमार को सम्मानित किया।
इसके साथ-साथ अन्य ग्राम सचिवों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि सरकार की किसी भी महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर सफल क्रियान्वयन करने मेें अधिकारियों व कर्मचारियों की भूमिका अहम होती है। टीम वर्क और जिम्मेदारी से किए गए कार्यों से लक्ष्य की प्राप्ति होती है। स्वामित्व योजना में जिला के अधिकारियों व कर्मचारियों ने अच्छा कार्य किया है, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
जिला में इस योजना के तहत 81 हजार 909 लाभार्थियों को स्वामित्व अधिकार पत्र सौंपे जा चुके हैं। शेष व्यक्तियों को पांच मई तक स्वामित्व अधिकार पत्र देने के कार्य को पूरा किया जाए। 260 गांवों में से 245 गांवों में स्वामित्व अधिकार पत्र देने की प्रक्रिया को अमलीजामा पहनाया गया है। शेष बचे 15 गांवों में भी पांच मई तक इस कार्य को पूरा किया जाए। इसके अलावा 1082 सरकारी भवन तथा 1049 ओपन पंचायती भूमि के अधिकार पत्र बनाए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी पूरी मेहनत से कार्य करें। मेहनत से किए गए कार्य का सम्मान सभी को मिलता है। आमजन का लाभ उन तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और सभी की जवाबदेही भी बनती है।