कैथल। जिला सोमवार के बाद मंगलवार को भी कोरोनामुक्त रहा। इसके बावजूद लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि जिला कोरोना को हराने में सफल हुआ है और अब जिले में कोरोना से काई भी व्यक्ति संक्रमित नहीं है। कहा कि सरकार की हिदायतों का पालन करें ताकि भविष्य में कोई भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आए।
मंगलवार को भी कोरोना संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट अनुसार बताया कि जिले में 11 हजार 236 कोरोना के मरीजों में से 10 हजार 890 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 96.92 प्रतिशत है। पॉजिटिव रेट 3.29 प्रतिशत है तथा डेथ रेट 3.07 प्रतिशत है। जिले में सभी पीएचसी व सीएचसी केंद्रों पर कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले के सभी वासियों से अपील है कि जिन व्यक्तियों ने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया है, वे स्वयं व अपने परिजनों का टीकाकरण अवश्य करवाएं।
उन्होंने बताया कि जिले मेें अब तक 7 लाख 1 हजार 602 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें से 5 लाख 51 हजार 98 व्यक्तियों को पहली डोज तथा 1 लाख 50 हजार 504 व्यक्तियों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। मंगलवार को 12 हजार 405 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया। स्टॉक में कोविशील्ड 10410 तथा कोवॉक्सीन 8710 उपलब्ध हैं।