आंबेडकर कॉलोनी कौल में पीने के पानी में गंदगी आने से कॉलोनी वासियों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया।
ग्रामीण सुभाष ढांडा, राहुल, विक्की, मनोज कुमार, चमेली, संतरो देवी, सुनीता देवी, कौशल्या व रेशमा ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से सप्लाई किए जा रहे पानी में पिछले काफी दिनों से गंदगी आ रही है। इसकी शिकायत व्यक्तिगत तौर पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार कर चुके हैं, लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है।
कॉलोनी वासियों ने बताया कि विभाग द्वारा बिछाई गई पाइप लाइन काफी पुरानी होने के चलते जगह-जगह से लीक हो रही है। इसमें नालियों का गंदा पानी पेयजल में मिलकर घरों में सप्लाई हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास पीने के पानी का कोई अन्य विकल्प नहीं है, जिससे उन्हें मजबूरन गंदगी युक्त पानी पीना पड़ रहा है। विभाग उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि उन्हें पीने के लिए स्वच्छ जल मुहैया करवाया जाए। जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जगदीश ने कहा कि मौके पर जाकर जांच करवाई जाएगी। ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान करवाया जाएगा।