दुष्कर्म और दहेज उत्पीड़न के आरोपों से आहत होकर आत्महत्या करने वाले चतर सिंह पूनिया के मामले में कार्रवाई को लेकर पूनिया खाप आगे आई है। खाप के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर चतर सिंह पूनिया को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पूनिया खाप के राज्य प्रधान शमशेर सिंह ने कहा कि चतर सिंह पूनिया को आत्महत्या के मजबूर किया गया। झूठे केस दर्ज होने से आहत होकर उन्होंने बीते मंगलवार को खुद को गोली मार ली थी। इससे पहले उन्होंने सुसाइड नोट में आरोपियों के नाम भी लिखे थे, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। चेताया कि अगर एक सप्ताह में आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो डीसी और एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। एसपी मकसूद अहमद ने खाप प्रतिनिधियों को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर रामदिया पूनिया उप प्रधान, प्रवक्ता एडवोकेट जितेंद्र छात्तर, सोहन पूनिया कैशियर व जगत पूनिया महासचिव, बिल्लू पूनिया, मुनिया राम, महिपाल आर्य, जसमेर फ्रांसवाला, रामनिवास पूनिया व कृष्ण पूनिया मौजूद रहे।