कैथल। आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में श्री गुरु तेग बहादुर का 400वां प्रकाश पर्व का आयोजन 24 अप्रैल को पानीपत के सेक्टर-13-17 के ग्राउंड में होगा। जिलाभर से सभी समुदाय के लोग इस पावन पर्व में पहुंचेंगे और गुरू की महिमा का गुणगान सुनेंगे। इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को ले जाने व लाने की जिला प्रशासन द्वारा उचित व्यवस्था की गई है। इसके लिए सभी संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्रों में नोडल होंगे और पूरे कार्यक्रम के नोडल सीइओ जिला परिषद रहेंगे।
डीसी प्रदीप दहिया ने सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में इस संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कैथल के प्रभारी एवं असंध के पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क व बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख सम्प्रदाय के राष्ट्रीय संयोजक शिव शंकर पाहवा भी भाग लेने पहुंचे। बैठक में बताया गया कि श्रद्धालुओं के लिए आने-जाने के लिए संबंधित बसों में कर्मचारियों की ड्यूटियां रहेंगी। इसके साथ-साथ महिलाओं के लिए महिला कर्मचारी भी नियुक्त की जाएंगी। बसों में पानी की पूर्ण व्यवस्था भी होनी चाहिए, ताकि गर्मी के मौसम को देखते हुए कोई परेशानी श्रद्धालुओं को न हो। इस कार्यक्रम में सिख समुदाय के साथ-साथ प्रत्येक वर्ग के लोग पहुंचेंगे। जो श्रद्धालु दूर दराज से आएंगे, उनके रहने की व्यवस्था भी जिले में की जाएगी।
इस कार्यक्रम के लिए बनाए गए कैथल जिला के प्रभारी एवं असंध के पूर्व विधायक बख्शीश सिंह विर्क ने कहा कि जिले के विभिन्न गुरुद्वारों, मंदिरों, सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी 24 अप्रैल को बड़ी संगत के साथ पानीपत पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने पहले सिरसा, करनाल व यमुनानगर में कई स्थानों पर गुरुओं के प्रति आदर भाव के साथ भव्य कार्यक्रम किए हैं। इस बार श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर पानीपत में राज्य स्तरीय कार्यक्रम किया जा रहा है। बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय के राष्ट्रीय संयोजक शिव शंकर पाहवा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को गुरुओं के बलिदान, त्याग व तप से अवगत कराना है। इस अवसर पर एसडीएम आरके संधु, सीईओ जिप सुरेश राविश, आरटीए गिरिश कुमार, डीडीपीओ कंवर दमन, बीडीपीओ रोजी, श्याम लाल, ईओ कुलदीप सिंह, शिव शंकर पाहवा, अवतार सिंह चक्कू, गुरदीप मक्कड़, रूपेंद्र जीत सिंह, शीशन सिंह शाह मौजूद रहे।