राजौंद। पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस सहित काबू किया है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने एक अन्य मामले में आरोपियों को अवैध हथियार उपलब्ध करवाया था। उसके पास से एक हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना प्रबंधक राजौंद रामलाल की अगुवाई में पुलिस टीम असंध रोड नहर पुल राजौंद के पास मौजूद थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने खेड़ी सर्फअली की तरफ से पैदल आ रहे व्यक्ति को पकड़ लिया। उसके पास से एक देसी कट्टा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पकडे़ गए आरोपी की पहचान खेड़ी सर्फअली निवासी चेतन उर्फ चेता के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने 24 नवंबर को मंडवाल निवासी परमजीत पर गोलियां चलाकर कातिलाना हमला करने के मामले में मंडवाल निवासी मंगल सिंह उर्फ मंगा तथा लखविंद्र उर्फ लक्की को अवैध हथियार उपलब्ध करवाए थे।