कैथल। नगर परिषद द्वारा खुराना रोड पर स्थित कचरे को खत्म करने के टेंडर का काम देख रही एजेंसी ने यहां से निकले प्लास्टिक मैटीरियल से दूसरे उत्पाद बनाने का काम शुरू करवा दिया है। यह काम चंडीगढ़ के चार युवाओं के ग्रुप ने लिया है। जो प्लास्टिक कचरे से अन्य उत्पाद बनाएंगे।
इन युवकों ने नगर परिषद कैथल के कचरा निस्तारण स्थल से एक शुरुआत की है। यह प्लास्टिक वेस्ट को पुन: इस्तेमाल लायक बनाकर ऐसी कंपनियों को दे रहे हैं, जो इससे प्लास्टिक दाना, फर्नीचर और होम डेकोरेशन के सामान तैयार कर रहे हैं। इससे पहले इसका निस्तारण गंभीर चुनौती व समस्या थी। मोहित चौहान, अंकुर सिंगला, तरुण राज व हरीश ठाकुर उच्च डिग्री धारक शिक्षित युवा हैं। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक ने बताया कि प्लास्टिक वेस्ट से फर्नीचर ही नहीं, फैशन से जुड़े प्रोडक्ट भी बना सकते हैं। इन दिनों प्लास्टिक वेस्ट को लेकर कई स्टार्टअप काम कर रहे हैं। कैथल में एजेंसी को कचरे के ढेर को खत्म करने का काम दिया गया है। उसी काम के तहत एजेंसी द्वारा आगे इन युवाओं सेे प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण करवाया जा रहा है।