कैथल। नगर परिषद ने शहर में पांच लाख रुपये तक के प्रॉपर्टी टैक्स के बकायेदार 50 लोगों को नोटिस भेजे हैं। इन सभी के खिलाफ करीब एक करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है। आगामी 31 मार्च तक प्रॉपर्टी टैक्स भरने में ब्याज में विभाग द्वारा छूट दी जा रही है। नोटिस जारी कर इन्हें इस योजना का लाभ उठाने के लिए कहा गया है। यदि समय रहते प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं करवाया गया तो अप्रैल माह में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इओ नगर परिषद कुलदीप मलिक ने कहा कि डीसी प्रदीप दहिया ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिसके तहत 50 से अधिक ऐसे लोगों को नोटिस जारी किया गया है। जिनकी ओर पांच लाख रुपये तक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। इन सभी को अभी केवल नोटिस जारी करके टैक्स जमा करवाने की अपील की गई है। यदि तय अवधि तक टैक्स नहीं भरा तो इनके नाम मीडिया सहित नगर परिषद कार्यालय में बोर्ड पर चस्पा करके सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। इसके बाद भी टैक्स नहीं भरा तो भवनों को सील करके आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।