कैथल। दो युवकों से साइबर ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से 87 हजार रुपये से ज्यादा ठग लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर थाने में केस दर्ज मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहली शिकायत में गांव भाणा निवासी सुमित ने बताया कि 27 अगस्त 2022 को उसके पास एक लड़की का फोन आया। उसने कहा कि क्या आप कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव की नौकरी करना चाहते हैं। उसने हां कर दी तो महिला ने कहा कि उसे हर रोज फोन से 100 संदेश भेजने का काम करना होगा। इसके लिए पहले साक्षात्कार लिया जाएगा और काम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से फोन आया। कहा कि आपके पास ट्रेनर को भेजा जाएगा। वह लैपटॉप और फोन भी देगा लेकिन पहले इसके लिए पांच हजार रुपये जमा करवाने होंगे। वह झांसे में फंस गया और उसने पांच हजार रुपये गूगल पे कर दिए।
29 अगस्त को उसने फोन करके पूछा कि उसका ट्रेनर कब आएगा। थोड़ी देर बाद एक दूसरे नंबर से फोन आया और ठग ने कहा कि पहले आपको नौकरी के लिए एक खाता बैंक खुलवाना होगा। इसके लिए दस हजार 200 रुपये देने होंगे। उसने उसी दिन पैसे भेजने का प्रयास किया, लेकिन गूगल पे से पैसे नहीं गए। उसने ग्रामीण बैंक से पैसे निकलवाकर पैसे ट्रांसफर करने वाले सेंटर पर जाकर ठग के खाते में पैसे भेज दिए। ठग ने कहा कि अगले ही दिन उसका सामान पहुंच जाएगा। 30 अगस्त को ठग के पास फोन किया तो उसने कहा कि उसे अब 25 हजार रुपये देने होंगे।
ठग बार बार पैसे मांगने लगे तो उसे शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है। ठगों से पैसे वापस मांगे तो उन्होंने देने से मना कर दिया। उसके साथ कुल 16 हजार 400 रुपये की धोखाधड़ी हुई है। दूसरे मामले में नानकपुरी कॉलोनी खुराना रोड निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से सात बार ट्रांजेक्शन में उसके खाते से 71 हजार 85 रुपये की राशि धोखाधड़ी से निकाल ली गई है। उसने किसी को ओटीपी भी नहीं बताया। जब उसने संबंधित बैंक अधिकारियों से बातचीत की तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।